



जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में आयोजित शिवपुराण कथा के दौरान कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने समाज की वर्तमान स्थिति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कलयुग में केवल भ्रष्ट और आडंबर करने वाले लोगों की ही कीमत बढ़ गई है।
उन्होंने चारों युगों का उल्लेख करते हुए बताया कि सतयुग में भक्तों का महत्व था, त्रेता में सज्जनों की प्रतिष्ठा थी, द्वापर में भक्ति की प्रधानता रही, लेकिन कलयुग में स्थिति पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने कहा कि आज समाज में जो व्यक्ति जितना अधिक दिखावा, पाखंड और भ्रष्टाचार करता है, उसे उतना ही श्रेष्ठ माना जाता है।
कथा के दूसरे दिन गणगौर पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को सरल भक्ति का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की सच्ची आराधना के लिए किसी आडंबर की आवश्यकता नहीं है, केवल एक लोटा जल अर्पित करने से भी जीवन की परेशानियां दूर हो सकती हैं। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे परिसर में AI कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।