



राजस्थान की राजनीति के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद-विधायक विष्णु कुमार मोदी का निधन हो गया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को जयपुर के लाल कोठी स्थित श्मशान घाट पर किया गया, जबकि उनकी अंतिम यात्रा मालवीय मार्ग स्थित उनके निजी निवास से शुरू हुईऔर लाल कोठी स्थित श्मशान घाट मेंअंतिम संस्कार किया गया।
विष्णु मोदी मूल रूप से नीमकाथाना के निवासी थे और उन्होंने 1984 से 1989 तक अजमेर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे पुष्कर और मसूदा विधानसभा क्षेत्रों से दो बार विधायक भी चुने गए।
राजनीति के साथ-साथ वे खनन व्यवसाय में भी सक्रिय रहे और उन्होंने नीरजा मोदी स्कूल की स्थापना कर शिक्षा क्षेत्र में भी योगदान दिया। वे 1981 से 1985 तक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। उनके परिवार का राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है—उनके पिता स्वर्गीय किशन मोदी सीकर से सांसद रहे, जबकि चाचा स्वर्गीय मोहन लाल मोदी नीमकाथाना से पांच बार विधायक रहे। वर्तमान में उनके चचेरे भाई सुरेश मोदी नीमकाथाना से विधायक हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समाज के लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।