Saturday, 21 March 2026

जयपुर में ईद-उल-फित्र की धूम: ईदगाह पर लाखों ने अदा की नमाज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


जयपुर में ईद-उल-फित्र की धूम: ईदगाह पर लाखों ने अदा की नमाज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद शनिवार को जयपुर सहित देशभर में ईद-उल-फित्र का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में उत्सव का माहौल देखने को मिला और शहर की मस्जिदों, दरगाहों व ईदगाहों में श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और भक्तिभाव के साथ नमाज अदा की।

सुबह करीब साढ़े सात बजे से नमाज का दौर शुरू हुआ। जामा मस्जिद में पहली नमाज अदा की गई, जबकि अन्य मस्जिदों में भी तय समयानुसार नमाज पढ़ी गई। मुख्य नमाज सुबह 9 बजे ईदगाह में हुई, जहां लाखों लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज से पहले फितरा (सदका) गरीबों में वितरित किया गया। इस अवसर पर लोग पारंपरिक परिधानों जैसे कुर्ता-पायजामा, शेरवानी, पठानी सूट और खान सूट पहनकर मस्जिद पहुंचे। खासकर बच्चों में उत्साह और खुशियों का माहौल देखने को मिला।

ईद के मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह, चौक जामा मस्जिद और अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस और आरएएफ के जवान तैनात रहे। ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई और कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

वहीं, शिया समुदाय ने इस बार अमेरिका और इजरायल के खिलाफ विरोध जताते हुए काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की। समुदाय के लोगों ने पहले ही इस प्रकार के विरोध का ऐलान किया था। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती और नमाज के दौरान स्थिति पर कड़ी नजर रखी।

कुल मिलाकर जयपुर में ईद का पर्व भाईचारे, शांति और उत्साह के साथ मनाया गया, जहां परंपरा और सुरक्षा दोनों का संतुलन देखने को मिला।

Previous
Next

Related Posts