



जयपुर। प्रदेश में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सड़क मरम्मत अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत सीवरेज, पेयजल लाइन और अन्य यूटिलिटी कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त किया गया है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेशभर में लगभग 1000 से अधिक स्थानों पर रोड कट्स को ठीक किया गया है। इनमें वे स्थान शामिल हैं जहां सड़कों को क्रॉस करते हुए कटिंग की गई थी, साथ ही सीवरेज और पेयजल लाइनों के कारण प्रभावित समानांतर सड़कों की भी मरम्मत की गई है। इससे आमजन को राहत मिलने के साथ यातायात व्यवस्था भी बेहतर हुई है।
यह कार्य अजमेर, जयपुर, जोधपुर, हनुमानगढ़, अलवर, जालोर, सीकर, सिरोही, झालावाड़ और सलूम्बर सहित कई जिलों में बड़े स्तर पर किया गया है। इन जिलों में लंबे समय से रोड कट्स के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में पीडब्ल्यूडी, यूडीएच, डीएलबी सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे कि बिजली, जल एवं दूरसंचार जैसी यूटिलिटी सेवाओं के कार्यों से उत्पन्न रोड कट्स को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। साथ ही, इन कार्यों की सतत निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि भविष्य में सड़कों को सुचारू और मोटरेबल स्थिति में बनाए रखा जा सके।