


डीग (भरतपुर)। भारत की राष्ट्रपति Droupadi Murmu शनिवार को ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा करेंगी। इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए राजस्थान के डीग और उत्तर प्रदेश के मथुरा प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। राष्ट्रपति सुबह करीब 9:15 बजे दानघाटी मंदिर से परिक्रमा का शुभारंभ करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू गोल्फ कार्ट के माध्यम से परिक्रमा पूर्ण करेंगी, जिसके लिए कुल 26 गोल्फ कार्ट तैनात किए गए हैं। परिक्रमा मार्ग का लगभग दो किलोमीटर हिस्सा राजस्थान के डीग जिले में आता है, जिसमें पूंछरी का लौठा क्षेत्र प्रमुख पड़ाव है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह 9:25 बजे दानघाटी से प्रस्थान कर लगभग 10:00 बजे पूंछरी पहुंचेंगी और इस दौरान श्रीनाथ जी मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगी।
ब्रज क्षेत्र में बंदरों की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। बंदरों से सुरक्षा के लिए परिक्रमा मार्ग पर लंगूरों के कटआउट लगाए गए हैं और वन विभाग के सैकड़ों कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजस्थान सरकार की ओर से गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। डीग कलेक्टर उत्सव कौशल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय बनाकर पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। इस दौरे को लेकर ब्रज क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हर पहलू पर नजर बनाए हुए है।