Friday, 20 March 2026

अजमेर की आरसीएचओ डॉ. स्वाति शिंदे को राज्य स्तरीय स्टार परफॉमर अवॉर्ड, मातृत्व अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित


अजमेर की आरसीएचओ डॉ. स्वाति शिंदे को राज्य स्तरीय स्टार परफॉमर अवॉर्ड, मातृत्व अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर। मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने पर अजमेर जिले की जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) डॉ. स्वाति शिंदे को राज्य स्तरीय “स्टार परफॉमर अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर के परियोजना निदेशक डॉ. तरुण चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के 11 जिलों में अजमेर जिले ने मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसी उपलब्धि के तहत डॉ. स्वाति शिंदे को विशिष्ट श्रेणी में स्टार परफॉमर अवॉर्ड देते हुए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की योजनाओं के अंतर्गत गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं के उपचार के लिए फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज (FCM) इंजेक्शन लगाया जा रहा है। यह इंजेक्शन महिलाओं के शरीर में आयरन की कमी को शीघ्र पूरा करने में प्रभावी साबित हो रहा है, जिससे मातृ मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।

डॉ. स्वाति शिंदे ने बताया कि द्वितीय और तृतीय तिमाही में जिन गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 9.9 से कम होता है, उन्हें डॉक्टर की सलाह पर निशुल्क एफसीएम इंजेक्शन दिया जाता है। इस पहल से बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिल रहा है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. टी. शुभमंगला, निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रतेश्वर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे। यह सम्मान न केवल डॉ. शिंदे की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि अजमेर जिले के स्वास्थ्य विभाग के सामूहिक प्रयासों का भी प्रतीक है।

Previous
Next

Related Posts