



शिमला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे शिमला पहुंचे। वह यहां से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित छराबड़ा में अपनी बहन प्रियंका गांधीके आवास पर ठहरे हुए हैं। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी 2 से 3 दिन के निजी दौरे पर शिमला आए हैं और इस दौरान वे छराबड़ा में ही समय बिताएंगे।
छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी का घर पहाड़ी शैली में बना हुआ है, जहां वह समय-समय पर आती रहती हैं। हाल ही में प्रियंका गांधी भी करीब एक सप्ताह पहले यहां आई थीं और चार दिन रुकने के बाद दिल्ली लौट गई थीं। यह स्थान गांधी परिवार के लिए एक निजी और शांत विश्राम स्थल माना जाता है।
राहुल गांधी के शिमला आगमन के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। सुरक्षा के मद्देनजर छराबड़ा और कल्याणी हेलीपैड के आसपास पुलिस और प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। हालांकि यह दौरा निजी बताया जा रहा है, फिर भी राहुल गांधी की मौजूदगी के कारण स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों और चर्चाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।