



जयपुर। जयपुर में पुलिस ने चेन स्नेचिंग और चोरी की वारदातों में शामिल दो अलग-अलग गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की चेन बरामद की है, वहीं विधायकपुरी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के मुख्य सरगना को दबोचते हुए लाखों की ज्वैलरी बरामद की है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, 15 मार्च को हनुमान नगर विस्तार क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे पैदल जा रही महिला राजेश कंवर के गले से एक युवक ने करीब 18 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली और कार में बैठकर फरार हो गया। मामले में थाना प्रभारी आरती सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुलदीप सोनी (18), आदिल कुरैशी उर्फ आफताब (19) और मोहम्मद मोईन (35) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुबह के समय कार से शहर की गलियों में घूमकर रेकी करते थे और गले में सोने की चेन पहने महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के बाद वे तुरंत फरार हो जाते थे और चोरी की गई चेन बेचकर मिले पैसों से नशा और मौज-मस्ती करते थे। आरोपी शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
वहीं दूसरी कार्रवाई में विधायकपुरी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के मुख्य सरगना राशिद उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भागीरथ कॉलोनी में घर में घुसकर लाखों की ज्वैलरी और नकदी चोरी की थी। इस संबंध में पीड़िता रचना सबीखी ने 28 जनवरी को मामला दर्ज कराया था।
डीसीपी साउथ राजर्षिराज के अनुसार, तकनीकी जांच और अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर 17 मार्च को मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहले से ही दिल्ली क्राइम ब्रांच द्वारा वांछित था। अब तक पुलिस करीब 25 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और अन्य सामान बरामद कर चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, राजस्थान और आंध्र प्रदेश में 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह 10 साल से अधिक समय जेल में रह चुका है। जेल से बाहर आते ही वह फिर से अपने गिरोह के साथ वारदातों को अंजाम देता था।फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और शेष चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।