



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो के विस्तार को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो विस्तार की योजना बनाते समय शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया जाए और बढ़ती आबादी तथा जनसंख्या घनत्व को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मेट्रो परियोजनाओं के समयानुकूल विकास और लागत को नियंत्रित रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए मेट्रो विस्तार को मौजूदा लाइनों से जोड़ने की ठोस योजना बनाई जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बजट वर्ष 2025-26 में घोषित जगतपुरा और वैशाली नगर क्षेत्रों में मेट्रो विस्तार के लिए तैयार की जा रही डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड), जगतपुरा और आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तार देने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अरण्य भवन से जगतपुरा तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना पर भी चर्चा की और निर्देश दिए कि इस कार्य को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) और जयपुर मेट्रो मिलकर आपसी समन्वय से पूरा करें।
बैठक में मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर) और फेज-1डी (मानसरोवर से अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त एवं राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक वैभव गालरिया, जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।