



जयपुर। जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव पुराण कथा का शुभारंभ हो गया है। कथा के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न जिलों से यहां पहुंचे। कई श्रद्धालु ऐसे भी हैं, जो सात दिनों तक कथा स्थल पर ही रुककर पूरी कथा का लाभ लेंगे।
आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे के अनुसार कथा स्थल पर लगभग 4 लाख वर्ग फीट में विशाल वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें करीब 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पिछले कई दिनों से 400 से अधिक कारीगर पांडाल और यज्ञशाला को तैयार करने में जुटे हुए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा, पेयजल, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
कथा का शुभारंभ शिव स्तुति के साथ हुआ। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए अलग-अलग परिसर बनाए गए हैं, जिन्हें 12 ज्योतिर्लिंगों के नाम पर रखा गया है, जैसे महाकाल परिसर और ओंकारेश्वर परिसर। इससे भक्तों को व्यवस्थित रूप से बैठने में सुविधा मिल रही है।
कथा के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। वीटी रोड और अरावली मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, जबकि शिप्रापथ रोड और मध्यम मार्ग पर केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अरावली मार्ग और वीटी रोड पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
खो-नागोरियन, मालवीय नगर, झालाना, जगतपुरा और सांगानेर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए द्वारकादास पार्क, प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं वैशाली नगर, सोडाला, सीकर रोड और परकोटा क्षेत्र से आने वाले लोग अजमेर रोड, 200 फीट चौराहा और किसान धर्म कांटा होते हुए कथा स्थल तक पहुंच सकेंगे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शिप्रापथ रोड, मध्यम मार्ग, वीटी रोड और अरावली मार्ग के बजाय न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करें। वीआईपी वाहनों के लिए केवल अरावली मार्ग से प्रवेश की अनुमति दी गई है। भारी भीड़ को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।