Thursday, 19 March 2026

राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 25 IAS और 9 IPS अधिकारियों के तबादले


राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 25 IAS और 9 IPS अधिकारियों के तबादले

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कार्मिक विभाग ने 19 मार्च को 25 आईएएस और 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।

कार्मिक विभाग के फेरबदल में आलोक गुप्ता को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाकर यूडीएच (शहरी विकास एवं आवास) विभाग का प्रमुख सचिव और हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा का तबादला अजमेर स्थित राजस्व मंडल के अध्यक्ष पद पर किया गया है। मुख्यमंत्री के एसीएस अखिल अरोड़ा से जलदाय विभाग का प्रभार भी वापस ले लिया गया है।

अपर्णा अरोड़ा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से हटाकर खान और पेट्रोलियम विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं ग्रामीण विकास विभाग की एसीएस श्रेया गुहा को हटाकर एचसीएम रीपा महानिदेशक और राजस्थान वित्त निगम (RFC) के प्रबंध निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है।

एसीएस प्रवीण गुप्ता को पीडब्ल्यूडी के साथ-साथ युवा एवं खेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि उनसे पर्यटन, पुरातत्व विभाग और आमेर विकास प्राधिकरण का कार्यभार वापस ले लिया गया है। राजेश यादव को एचसीएम रीपा से स्कूल शिक्षा एवं भाषा विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि हेमंत गेरा को जलदाय विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।

खेल विभाग के सचिव नीरज के पवन का तबादला इंदिरा गांधी पंचायतीराज संस्थान के महानिदेशक पद पर किया गया है, जिसे खेल विभाग और क्रिकेट राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वहीं लंबे समय से एपीओ चल रहे पूर्ण चंद किशन (पीसी किशन) को श्रम एवं कारखाना विभाग के सचिव तथा स्वास्थ्य सेवाएं ईसीएस के सचिव पद पर पोस्टिंग दी गई है।

सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में आरती डोगरा को ऊर्जा क्षेत्र की पूरी कमान सौंपना शामिल है। उन्हें तीनों डिस्कॉम के अध्यक्ष के साथ ऊर्जा विभाग सचिव और राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा जयपुर संभागीय आयुक्त के पद पर भी बदलाव किया गया है। पूनम का तबादला महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव पद पर किया गया है, जबकि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव वी. सरवन कुमार को जयपुर का नया संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, वहीं 13 मार्च को किए गए 5 अधिकारियों के तबादलों को मात्र 6 दिन के भीतर ही रद्द कर दिया गया है। इस फेरबदल में 5 जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) बदले गए हैं, जिससे प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है।

नए आदेशों के अनुसार हनुमान प्रसाद मीणा को डीसीपी क्राइम जयपुर से एसपी जयपुर ग्रामीण नियुक्त किया गया है, जबकि ज्येष्ठा मैत्रेयी को बांसवाड़ा से स्थानांतरित कर सवाई माधोपुर का एसपी बनाया गया है। चूनाराम जाट को 5वीं बटालियन आरएसी के कमांडेंट पद से एसपी बाड़मेर लगाया गया है।

वहीं संजीव नैन को एसपी जयपुर ग्रामीण से डीसीपी क्राइम पुलिस कमिश्नरेट जयपुर और योगेश गोयल को एसपी एसीबी से डीसीपी ट्रैफिक जयपुर नियुक्त किया गया है। सवाई माधोपुर के एसपी अनिल कुमार को कमांडेंट 5वीं बटालियन आरएसी जयपुर भेजा गया है।

इसके अलावा कविंद्र सिंह सागर को पुलिस मुख्यालय से एसपी झुंझुनूं, पीयूष दीक्षित को करौली से सवाई माधोपुर, ज्येष्ठा मैत्रेयी को सवाई माधोपुर तथा निश्चय प्रसाद एम को डीसीपी ट्रैफिक जयपुर से एसपी चूरू के पद पर नियुक्त किया गया है।

वहीं हाल ही में किए गए 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों को सरकार ने निरस्त कर दिया है। इनमें राममूर्ति जोशी, सुधीर जोशी, नरेंद्र सिंह, ज्ञानचंद यादव और लोकेश सोनवाल के तबादले शामिल हैं। इन आदेशों को रद्द करने के पीछे प्रशासनिक कारण बताए जा रहे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts