



जयपुर। राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक यातायात सुविधाओं की विशेष सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार, 19 मार्च को अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) की नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस पहल से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आमजन को अधिक सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
इस विशेष कार्यक्रम के तहत रोडवेज के बेड़े में कुल 207 नई बसें शामिल की जा रही हैं। इनमें 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस बसें, 79 स्टारलाइन बसें और 28 वातानुकूलित (AC) बसें शामिल हैं। इन बसों के संचालन से प्रदेश के विभिन्न रूट्स पर यात्रा और अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक होगी।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर परिवहन सुविधा पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में यातायात व्यवस्था के आधुनिकीकरण और विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। नई बसों के शामिल होने से न केवल रोडवेज की सेवाओं का दायरा बढ़ेगा, बल्कि यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन नई बसों के संचालन से यात्रियों को समयबद्ध, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा, जिससे प्रदेश में परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।