



जयपुर। राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी जयपुर में आस्था, परंपरा और संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गोविंददेव मंदिर में आयोजित महाआरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सपत्नीक विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और आरती कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर मंदिर के महंत ने मुख्यमंत्री का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया। महाआरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में यह आयोजन आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत उदाहरण बना।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर पिछले वर्ष से राजस्थान दिवस को अंग्रेजी कैलेंडर के बजाय भारतीय पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में इस वर्ष 19 मार्च को प्रदेशभर में राजस्थान दिवस को भव्य रूप से मनाया जा रहा है।
राज्य सरकार और देवस्थान विभाग द्वारा इस अवसर पर प्रदेश के सभी राजकीय मंदिरों में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिरों को सजाया गया है, दीप प्रज्ज्वलन, भजन संध्या और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।