Wednesday, 18 March 2026

शिव महापुराण कथा को लेकर मानसरोवर में ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर डायवर्जन


शिव महापुराण कथा को लेकर मानसरोवर में ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर डायवर्जन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर के मानसरोवर स्थित वी.टी. रोड मेला ग्राउंड में 20 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीआईपी और आम लोगों के आने की संभावना को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा और पार्किंग को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार अरावली मार्ग (शिप्रापथ से मध्यम मार्ग चौराहा) और वी.टी. रोड (शिप्रापथ से मध्यम मार्ग चौराहा) पर आवश्यकता अनुसार यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। यदि शिप्रापथ रोड पर अधिक भीड़ होती है तो दुर्गापुरा से डालडा फैक्ट्री रोड होते हुए मुहाना रोड, इस्कॉन रोड और पत्रकार कॉलोनी की ओर जाने वाले वाहनों को डी-मार्ट शिप्रापथ से डायवर्ट कर डी.डी. पार्क चौराहा और न्यू सांगानेर रोड की ओर भेजा जाएगा।

इसी प्रकार पटेल मार्ग, विजय पथ, रजत पथ और भृगुपथ से आने वाले वाहनों को भी चरणबद्ध तरीके से अन्य मार्गों पर मोड़ा जाएगा। रिद्धि-सिद्धि चौराहा से IIS तिराहा की ओर जाने वाले यातायात को गोपालपुरा बाईपास से निकाला जाएगा। यदि मध्यम मार्ग पर अत्यधिक दबाव बढ़ता है तो वी.टी. रोड चौराहे से ट्रैफिक को न्यू सांगानेर रोड की ओर मोड़ा जाएगा और स्थिति गंभीर होने पर रजत पथ व अरावली मार्ग से भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

वीआईपी वाहनों के लिए केवल अरावली मार्ग से प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि आमजन को सलाह दी गई है कि वे शिप्रापथ रोड, मध्यम मार्ग, वी.टी. रोड और अरावली मार्ग के बजाय न्यू सांगानेर रोड का अधिक उपयोग करें।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। वी.टी. रोड और अरावली मार्ग पर किसी भी प्रकार की पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। वहीं शिप्रापथ रोड और मध्यम मार्ग पर केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। खो-नागोरियन, मालवीय नगर, झालाना, जगतपुरा और सांगानेर की ओर से आने वाले लोग द्वारकादास पार्क, प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करें। वहीं हरमाड़ा, विद्याधर नगर, सीकर रोड, कालवाड़, वैशाली नगर, सोडाला और परकोटा क्षेत्र से आने वाले लोगों को अजमेर रोड, 200 फीट चौराहा और किसान धर्म कांटा होते हुए न्यू सांगानेर रोड से कथा स्थल तक पहुंचने की सलाह दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।

    Previous
    Next

    Related Posts