



मुंबई। जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड ने डिजिटल बैंकिंग को और आसान बनाते हुए यूपीआई आधारित कैश विड्रॉल सेवा शुरू करने की घोषणा की है। इस नई सुविधा के तहत ग्राहक अब बिज़नेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) टचपॉइंट्स पर क्यूआर कोड स्कैन कर बिना डेबिट कार्ड के नकद राशि निकाल सकेंगे।
बैंक के अनुसार, यह सेवा खासतौर पर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लिए शुरू की गई है, जहां एटीएम की पहुंच सीमित होती है। ग्राहक अपने यूपीआई ऐप के माध्यम से ट्रांजैक्शन को ऑथराइज कर आसानी से कैश प्राप्त कर सकते हैं, जिससे पारंपरिक एटीएम या कार्ड की आवश्यकता समाप्त हो जाती है।
जियो पेमेंट्स बैंक का मानना है कि यह कार्डलेस कैश विड्रॉल सुविधा डिजिटल भुगतान और नकद उपयोग के बीच की दूरी को कम करेगी। साथ ही, जो लोग पहली बार डिजिटल भुगतान प्रणाली से जुड़ रहे हैं, उन्हें एक सुरक्षित और सरल अनुभव प्रदान करेगी।
बैंक ने यह भी कहा कि अपने मजबूत डिजिटल भुगतान इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यापक बिज़नेस कॉरेस्पोंडेंट नेटवर्क के माध्यम से यह पहल देश में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को बढ़ाने, नकद-आधारित वर्गों तक यूपीआई का विस्तार करने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।