Tuesday, 17 March 2026

राजस्थान विश्वविद्यालय में ICRE 2026 का आगाज, नवीकरणीय ऊर्जा पर वैश्विक मंथन शुरू


राजस्थान विश्वविद्यालय में ICRE 2026 का आगाज, नवीकरणीय ऊर्जा पर वैश्विक मंथन शुरू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय में नवीकरणीय ऊर्जा पर तृतीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ICRE 2026 का आयोजन 17 और 18 मार्च को हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में किया जा रहा है। यह सम्मेलन Centre for Non-conventional Energy Resources (CNCER) और भौतिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नवीन अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।

सम्मेलन का उद्घाटन 17 मार्च को प्रातः 9:15 बजे हुआ, जिसमें भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. एस.के. गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद सम्मेलन संयोजक एवं CNCER के निदेशक डॉ. छगन लाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। CNCER के संस्थापक निदेशक एवं मानद अध्यक्ष प्रो. आई.पी. जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में आईआईटी तिरुपति के प्रो. मुथु कुमार और आईआईटी बॉम्बे की प्रो. प्रतिभा शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में ओंटारियो टेक यूनिवर्सिटी (कनाडा) के प्रो. इब्राहिम डिंसर ने मुख्य व्याख्यान देते हुए हाइड्रोजन तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा के भविष्य पर प्रकाश डाला। इस दौरान Abstract Booklet का भी विमोचन किया गया।

दो दिवसीय इस सम्मेलन में 13 समानांतर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा करीब 20 आमंत्रित व्याख्यान दिए जाएंगे। इसके अलावा देश-विदेश के शोधकर्ताओं द्वारा 300 से अधिक शोधपत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिनमें नवीकरणीय ऊर्जा के विभिन्न आयामों पर चर्चा होगी।

सम्मेलन का ऑनलाइन प्रसारण जूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद् और विद्यार्थी इसमें भाग लेकर अपने विचार साझा कर रहे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts