



जयपुर। जयपुर के प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर हनीत सिंह और ज्वेलरी डिजाइनर परीना जैन का विशेष कलेक्शन 22 मार्च को मुंबई में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित कार्यक्रम ‘बेटी चैरिटी वॉक’ में शोकेस किया जाएगा। द इंडियन टेलिविजन अकेडमी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां रैंप पर इन डिजाइनरों के परिधानों और ज्वेलरी में नजर आएंगी।
इस अवसर पर परीना जैन के फाइन ज्वेलरी ब्रांड ‘परीना इंटरनेशनल’ की सिग्नेचर पोल्की ज्वैलरी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। यह चैरिटी वॉक बालिका सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मनोरंजन जगत के कलाकार एक मंच पर आकर सामाजिक संदेश देंगे।
इस कार्यक्रम की लॉन्चिंग जयपुर के होटल रेडिसन ब्लू में की गई, जहां द इंडियन टेलिविजन अकेडमी की प्रेसीडेंट और बेटी मूवमेंट की फाउंडर अनु रंजन ने आयोजन की जानकारी दी। इस मौके पर हनीत सिंह, परीना जैन और प्रसिद्ध फैशन कोरियोग्राफर शाय लोबो भी मौजूद रहे।
अनु रंजन ने बताया कि इस विशेष वॉक में शुभांगी अत्रे, पूनम सिन्हा, रूपाली गांगुली, महिमा चौधरी, गौरव गेरा, राकेश रोशन, निया शर्मा, रोहित रॉय, अर्जुन बिजलानी, ताहिर शब्बीर, अंकित गुप्ता, शालीन भनोट और अदनान खान सहित कई प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।
यह आयोजन न केवल फैशन और ग्लैमर का संगम होगा, बल्कि समाज में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक संदेश भी देगा।