



जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMCHRC) और भारतीय सेना के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। एंटरटेनमेंट पैराडाइज के बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आर्मी डे परेड के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में सेना के अधिकारियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्षा AWWA श्रीमती बरिंदरजीत कौर और मेजर जनरल अमर रामदासानी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
एमओयू के तहत बीएमसीएचआरसी द्वारा सेना के सेवारत कर्मियों, उनके परिवारों (पत्नी और बच्चों) को कैंसर होने की स्थिति में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अस्पताल में संचालित DNB सहित अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों में भी मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। गंभीर मरीजों के लिए होम केयर और टेली-कंसल्टेशन सेवाएं भी बिना शुल्क के उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त शहीद सैनिकों की विधवाओं और उनके बच्चों को रोजगार में प्राथमिकता देने का प्रावधान भी इस समझौते में शामिल है।
आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर युद्ध के समय, बीएमसीएचआरसी द्वारा दो सर्जिकल टीमें और 200 यूनिट रक्त उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है, जिससे सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बीएमसीएचआरसी ने दक्षिण-पश्चिमी कमान द्वारा संचालित ‘आशा स्कूल’ को 15 लाख रुपये मूल्य के आधुनिक थेरेपी और शिक्षण उपकरण भेंट किए। इनमें हाइड्रोथेरेपी हार्नेस, सेंसरी टाइल्स, थेरेपी यूनिट्स, बॉल पूल, स्मार्ट बोर्ड और वॉकर शामिल हैं, जो विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास में सहायक होंगे।
बीएमसीएचआरसी के अध्यक्ष नवरतन कोठारी ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए संस्थान विशेष बच्चों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी ने इस पहल को सेना कर्मियों और उनके परिवारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत, मेजर जनरल एस.सी. पारीक, डॉ. गीतांजलि अग्रवाल जोशी और डॉ. पुनीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।