



जोधपुर। पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह की पत्नी की संदिग्ध मौत को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मारवाड़ प्रांतीय चारण सभा की बैठक में इस प्रकरण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए सीबीआई जांच की मांग की गई है, साथ ही मानवेन्द्र सिंह को भाजपा से बाहर करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक मानवेन्द्र सिंह और उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। बैठक में प्रदेश के 11 जिलों से पदाधिकारी और समाज के प्रमुख लोग शामिल हुए, जिन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए न्याय की मांग उठाई।
समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि मृतका के साथ पहले से ही पारिवारिक तनाव था और उनके साथ दुर्व्यवहार की बातें सामने आई हैं। ऐसे में इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि समाज न्याय की मांग को लेकर एकजुट है और यदि आवश्यक हुआ तो आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे। इस प्रकरण ने क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।