



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेशवासियों के साथ धोखा किया और जनकल्याणकारी योजनाओं को लटकाने-भटकाने का काम किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में अपनी सरकार के कामों का पूरा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, लेकिन विपक्ष अपनी उपलब्धियों का जवाब देने से बचता रहा। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वे यह तय नहीं कर सकते कि मुख्यमंत्री कहां जाएं या क्या करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे केवल राजस्थान की जनता के हित में निर्णय लेंगे और किसी के दबाव में काम नहीं करेंगे।
मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 24 घंटे जनता की सेवा में लगी हुई है। उन्होंने पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जल जीवन मिशन (JJM) योजना में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ, जिसके चलते संबंधित मंत्री जेल तक पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने दिल्ली दौरों को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वे हर बार प्रदेश के लिए कुछ न कुछ लेकर आते हैं, जबकि पिछली सरकार अपने अस्तित्व को बचाने के लिए दिल्ली जाती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने बजट में वित्तीय घाटा कम किया है और प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय को बढ़ाकर 2 लाख रुपये से अधिक कर दिया है, जो पहले करीब 1.67 लाख रुपये थी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने विकास कार्यों को लेकर भी तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पांच वर्षों में 4148 घोषणाएं कीं, जिनमें से केवल 1900 ही पूरी हो पाईं, जबकि उनकी सरकार ने दो वर्षों में 2719 घोषणाओं में से 2465 को पूरा कर दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधानसभा में इस तुलना पर चर्चा से भी बचती रही।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने लंबित योजनाओं पर तेजी से काम करते हुए एमओयू किए और उन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। साथ ही, उन्होंने दिल्ली दौरे को लेकर विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि वे हर बार केंद्र से प्रदेश के लिए सौगात लेकर लौटते हैं, जबकि कांग्रेस अपने समय में सरकार बचाने के लिए दिल्ली जाती थी।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और ईश्वर की कृपा तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।