



जयपुर। जेके लक्ष्मीपत विश्वविद्यालय (JKLU) में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन HackJKLU v5.0 का ग्रीक थीम के साथ सफल समापन हुआ। इस आयोजन में देशभर के लगभग 40 संस्थानों से 400 से अधिक छात्रों ने भाग लिया, जिन्होंने 48 घंटे के भीतर अपने विचारों को कार्यशील तकनीकी मॉडल (प्रोटोटाइप) में बदलकर नवाचार की नई मिसाल पेश की।
हैकाथॉन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, ब्लॉकचेन, डेटा साइंस और फिनटेक जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में वास्तविक समस्याओं के समाधान पर विशेष फोकस रखा गया। प्रतिभागियों ने उद्योग विशेषज्ञों और शिक्षकों के मार्गदर्शन में टीमवर्क के साथ काम करते हुए अपने प्रोजेक्ट्स को बेहतर बनाया।
प्रतियोगिता में एलएनएमआईआईटी की टीम मिराज ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जेकेएलयू की टीम ऑक्टेन दूसरे और आर्य कॉलेज की टीम न्यूरोनेस्ट तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को 50 हजार रुपये के मुख्य पुरस्कार सहित विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में विशेष सम्मान भी प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति विजयशेखर चेल्लाबोइना ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को तकनीक के माध्यम से वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करते हैं और देश के युवा वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं।
हैकाथॉन के दौरान 10 से अधिक छात्र क्लबों ने डांस बैटल, ओपन माइक, संगीत संध्या, नाटक, गेमिंग जोन, एफ1 सिमुलेटर और खगोल विज्ञान गतिविधियों सहित कई रोचक कार्यक्रम आयोजित किए। साथ ही “एआई के दौर में शिक्षा, उद्योग और शोध” विषय पर पैनल चर्चा और करियर गाइडेंस सत्र भी हुए। कार्यक्रम का समापन गायक मान पनु के लाइव प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें नवाचार और सहयोग की भावना का उत्सव देखने को मिला।