



हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा रावतसर क्षेत्र के बरमसर के पास मेगा हाईवे पर सुबह करीब 7 बजे हुआ, जहां एक निजी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, यात्रियों से भरी निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा और थाना प्रभारी ईश्वरानंद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 5 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम संजय कुमार और नितेश मोची भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने रावतसर (हनुमानगढ़) मेगा हाईवे पर बस और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को शांति प्रदान करें एवं उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें। घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।