



जयपुर। जयपुर के चित्रकूट थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला किन्नर का वेश धारण कर वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 पुरुषों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला किन्नर को भी हिरासत में लिया गया है।
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि 200 फीट बाइपास स्थित स्लीप लाइन क्षेत्र में कुछ युवक महिला किन्नर का रूप धारण कर फर्जी तरीके से वाहन चालकों से पैसे मांग रहे हैं। ये लोग बधाई देने के नाम पर वाहन चालकों पर दबाव बनाते थे और पैसे नहीं देने पर गाली-गलौच करते थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए माही सैनी (25), चंदर्पाल उर्फ शैलेन्द्र उर्फ रोनक (35), मोनु कोरी (31), सूरज अरोरा उर्फ संजना (29), प्रतीक जाटव उर्फ रवि जाटव (23), योगेंद्र सिंह उर्फ छोटी (24), भागचंद खटीक उर्फ वृंदान (24), वेदप्रकाश (23) और रामावतार उर्फ रानी (25) को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि ये लोग एक असली महिला किन्नर के साथ मिलकर रेड लाइट और ट्रैफिक सिग्नलों पर वाहन चालकों से जबरन पैसे वसूलते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।