



जयपुर/करौली। राजस्थान में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत करौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात ऑनलाइन सट्टा किंग की करीब 35 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति को चिन्हित कर कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने होटल, मकान, जयपुर स्थित फ्लैट, जमीन और लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी सहित कई संपत्तियों को जब्त करने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया है।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में माफियाओं, संगठित अपराधियों और इनामी बदमाशों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भरतपुर रेंज के आईजी कैलाश चंद्र बिश्नोई के निर्देशन और करौली एसपी लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र पाल के सुपरविजन में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि करौली निवासी अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन (50) न केवल ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खिलाड़ी है, बल्कि वर्ष 2022 में करौली में हुए सांप्रदायिक दंगों का भी मुख्य षड्यंत्रकारी रहा है। आरोपी लंबे समय से करौली, हिण्डौन, गंगापुर सिटी और जयपुर में एजेंटों के जरिए ‘क्रिकेट लाइव गुरु ऐप’ जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से करोड़ों का सट्टा कारोबार संचालित कर रहा था। हाल ही में हिण्डौन सिटी थाना पुलिस द्वारा बिग बैश लीग पर सट्टा लगाते हुए इसके एजेंटों की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क का खुलासा हुआ। ‘ऑपरेशन शटर डाउन’ के तहत अब तक इस गिरोह के 16 अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी के पास मौजूद संपत्ति उसकी घोषित आय से कई गुना अधिक है और उसके पास कोई वैध आय का स्रोत नहीं है। अधिकांश संपत्तियां नकद राशि से खरीदी गई हैं और बैंक खातों में भी वैध आय के लेन-देन नहीं मिले।
पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, आयकर विवरण और राजस्व रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार की है। इसके आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 107 के तहत संपत्ति कुर्क करने के लिए हिण्डौन सिटी के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस द्वारा चिन्हित संपत्तियों में एक आलीशान होटल, मकान, जयपुर में दो फ्लैट, एक दुकान का भूखंड, करीब 19 बीघा 7 बिस्वा जमीन और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी शामिल है।
एसपी लोकेश सोनवाल ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर सख्त कार्रवाई से अपराधियों की आर्थिक कमर टूटेगी और युवाओं को अपराध से दूर रहने की प्रेरणा मिलेगी। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।