



जयपुर। जयपुर रेंज में मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान ‘एंटी-वेनम’ का पहले ही दिन प्रभावी असर देखने को मिला। महानिरीक्षक पुलिस (आईजी) राहुल प्रकाश के निर्देशन में 15 मार्च से 31 मार्च 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रेंज के सभी जिलों में एक साथ कार्रवाई की जा रही है। अभियान की मॉनिटरिंग सीधे रेंज कार्यालय स्तर से की जा रही है, जिससे कार्रवाई में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।
आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, जो मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-फरोख्त, सेवन और अवैध खेती में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं।
अभियान के पहले ही दिन जयपुर रेंज पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 मुकदमे दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 547.67 ग्राम स्मैक, 1884.84 ग्राम गांजा और 1551 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जयपुर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आमजन से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।