



जयपुर। पिंकसिटी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित प्रेस प्रीमियर लीग-2026 के फाइनल मुकाबले में भास्कर डिजिटल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानगर टाइम्स को हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भास्कर डिजिटल ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए और 138 रनों का लक्ष्य सामने रखा। जवाब में महानगर टाइम्स की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 विकेट खोकर 124 रन ही बना सकी और भास्कर डिजिटल ने 13 रनों से जीत दर्ज की।
मैच के दौरान भास्कर डिजिटल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम के खिलाड़ी सौरभ गुर्जर को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सतीश कंवर को मैन ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा विधायक बाल मुकुंद आचार्य, कांग्रेस विधायक रफीक खान, जयपुर रेंज आईजी डॉ. राहुल प्रकाश सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकार, खेल प्रेमी और आमजन मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन ने पत्रकारों के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथियों में क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा, महासचिव मुकेश चौधरी ने स्वागत किया। कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य मणिमाला शर्मा, ओमप्रकाश भार्गव, दीपक सैनी, गोविन्द मिश्रा, अनीता शर्मा, निखिलेश कुमार शर्मा, शालिनी श्रीवास्तव, उमंग माथुर और विकास आर्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष राधारमण शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा , पूर्व कोषाध्यक्ष राहुल गौतम, पत्रकार शंकर गुर्जर, मदन कालाल, गिरिराज प्रसाद गुर्जर, राजकुमार शर्मा, दिलीप चौधरी, ललन मीणा, राहुल भारद्वाज सहित अनेक पत्रकार और उनके परिजन भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पिंक सिटी प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष विकास शर्मा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में विशेष योगदान देने वाले लोगों की सराहना की और उन्हें मोमेंटो भेट किया गया।
समारोह में खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, जिससे उनके उत्साह में वृद्धि हुई और खेल भावना को बढ़ावा मिला। आयोजन ने पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग और सौहार्द का संदेश भी दिया।