Sunday, 15 March 2026

दिल्ली में ‘राजस्थान उत्सव 2026’ का आगाज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किया शुभारंभ


दिल्ली में ‘राजस्थान उत्सव 2026’ का आगाज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किया शुभारंभ

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को राजस्थान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में आयोजित ‘राजस्थान उत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। 15 से 25 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएं, हस्तशिल्प, लोकसंगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक व्यंजनों की रंगीन झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान की कला और संस्कृति हमारी पहचान का आधार हैं और इन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने विभिन्न जिलों से आए शिल्पकारों और राजीविका से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की दीदियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनके द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प उत्पादों, पारंपरिक वस्त्रों और कलात्मक कृतियों की सराहना करते हुए उनके कार्य और अनुभव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों को व्यापक बाजार और पहचान दिलाने के साथ उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बीकानेर हाउस परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। अलवर के कलाकार प्रवीण प्रजापत ने पारंपरिक मटका भवाई नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं विष्णु दत्त शर्मा द्वारा “ब्रज के रंग”, मयूर नृत्य और फूलों की होली की प्रस्तुति ने माहौल को रंगीन बना दिया। इसके साथ ही राजस्थानी फोटोग्राफी प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें प्रदेश की संस्कृति, लोकजीवन और ऐतिहासिक धरोहरों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया।

इस अवसर पर सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पीपी चौधरी, दामोदर अग्रवाल, मंजू शर्मा, चुन्नीलाल गरासिया, राजेंद्र गहलोत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी, आवासीय आयुक्त नवीन जैन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts