



जयपुर। मानसरोवर क्षेत्र स्थित पत्रकार कॉलोनी के पास गिरराज नगर में रविवार शाम एक प्लॉट में बने टीनशेड के कमरों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें तेज होने के दौरान कमरे में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर ऑफिसर देवांग यादव के अनुसार, एक प्लॉट में बने चार टीनशेड कमरों में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। शुरुआती दौर में कमरों से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही मानसरोवर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसी बीच आग की चपेट में आए गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और कमरों की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने के बाद करीब 30 मिनट की मशक्कत से आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार आग और सिलेंडर ब्लास्ट के बावजूद किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।