


चित्तौड़गढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान दौरे के दौरान चित्तौड़गढ़ में आयोजित जौहर मेले के समापन समारोह में नारी सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपराध और नारी गरिमा की सुरक्षा के मामले में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने किसी बहन-बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का दुस्साहस किया, तो उसे कड़ी सजा भुगतनी पड़ेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हैं और बेटियां रात की शिफ्ट में भी काम कर सुरक्षित घर लौट रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिससे अपराध पर नियंत्रण संभव हुआ है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेवाड़ और चित्तौड़गढ़ की वीरभूमि को नमन करते हुए कहा कि यह भूमि देश को प्रेरणा देने वाली रही है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, वीरांगना पद्मिनी और अन्य महान विभूतियों की परंपरा आज भी देशवासियों को साहस और त्याग का संदेश देती है। उन्होंने चित्तौड़गढ़ किले को भारत की अस्मिता का प्रहरी बताते हुए कहा कि यह केवल एक दुर्ग नहीं बल्कि देश की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने ऐतिहासिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी देश को एकता और राष्ट्रीय भावना के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने जातिवाद और समाज को बांटने वाली राजनीति पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा और कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो बदलाव दिखाई दे रहा है, उसमें राजस्थान की इस वीरभूमि से मिली प्रेरणा का भी योगदान है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमें अपने इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों से सीख लेकर आगे बढ़ना होगा।

समारोह की अध्यक्षता महाराणा प्रताप के वंशज और नाथद्वारा भाजपा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक और चित्तौड़ से निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ‘जय जौहर’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोषों के साथ पूरे परिसर में राष्ट्र गौरव और सांस्कृतिक चेतना का माहौल देखने को मिला।
आज खिलजी वंश को कोई जानने वाला नहीं है,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 15, 2026
बाबर, औरंगजेब और अकबर के खानदान का कहीं अता-पता नहीं है... pic.twitter.com/GShlWlAk6x