Saturday, 14 March 2026

एलपीजी आपूर्ति पर सख्त नजर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई के दिए निर्देश


एलपीजी आपूर्ति पर सख्त नजर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई के दिए निर्देश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घरेलू गैस सिलेंडर की वितरण प्रणाली पर कड़ी निगरानी रखी जाए और जमाखोरी तथा कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आम उपभोक्ताओं को इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी है।

मुख्यमंत्री ने आमजन में गैस उपलब्धता को लेकर विश्वास बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग पाए जाने पर तुरंत सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 181, 112 और 14435 पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही, अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर नजर रखते हुए उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार एलपीजी आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि एलपीजी की उपलब्धता से लेकर अंतिम वितरण तक पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए ग्राउंड लेवल पर अधिकारियों की टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं और आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।

इस दौरान ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में एलपीजी के स्टॉक और सप्लाई की स्थिति पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। सरकार ने स्पष्ट किया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और आपूर्ति प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखा जाएगा।

Previous
Next

Related Posts