



उदयपुर। राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा 17 से 19 मार्च तक आयोजित होने वाला तीन दिवसीय विजयदान देथा साहित्य उत्सव-2026 अचानक निरस्त कर दिया गया है। यह निर्णय राजस्थान सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के निर्देश पर लिया गया, हालांकि आयोजन रद्द करने के कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार इस राष्ट्र स्तरीय साहित्य उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और देश-प्रदेश के कई प्रतिष्ठित साहित्यकारों, लेखकों और बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया जा चुका था। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कई साहित्यकारों ने ट्रेन और बस के रिजर्वेशन भी करवा लिए थे।
राजस्थान साहित्य अकादमी की ओर से आमंत्रित अतिथियों को दोपहर में संदेश भेजकर बताया गया कि “अपरिहार्य कारणों” से कार्यक्रम निरस्त किया जा रहा है और उनसे अपने यात्रा आरक्षण रद्द कराने का अनुरोध किया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रतिभागियों के ठहरने के लिए आरटीडीसी के शास्त्री सर्किल स्थित होटल कजरी में व्यवस्था भी की जा चुकी थी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोज कुमार, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, कलेक्टर निमित मेहता, पद्मश्री सी.पी. देवल, कैलाश कबीर, विशेष कोठारी, साहित्य अकादमी के पूर्व अध्यक्ष इंदुशेखर तत्पुरूष और रिटायर्ड आईपीएस हरिराम मीना सहित कई ख्यात साहित्यकारों की भागीदारी प्रस्तावित थी।
सूत्रों का मानना है कि अतिथियों की सूची को लेकर ही विवाद या कारण उत्पन्न हुआ हो सकता है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस अचानक निर्णय से कार्यक्रम में शामिल होने वाले साहित्यकारों और लेखकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें टिकट कैंसिलेशन चार्ज वहन करना पड़ेगा