



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के पहले इलेक्ट्रिक वाहन मॉडल ‘होण्डा 0 अल्फा’ का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होण्डा द्वारा अपने पहले ईवी उत्पादन के लिए राजस्थान के टपूकड़ा संयंत्र का चयन करना प्रदेश के लिए गर्व की बात है और यह राज्य की प्रभावशाली निवेश नीतियों पर वैश्विक विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि टपूकड़ा संयंत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन इसी वर्ष शुरू होने जा रहा है, जिससे न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ विजन के तहत राज्य सरकार ग्रीन मोबिलिटी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं और इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि टपूकड़ा संयंत्र को होण्डा द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में और निवेश आने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के संतुलन को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी खरीद पर अनुदान, चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना और ‘राजस्थान वाहन स्क्रैपिंग नीति’ के तहत प्रोत्साहन प्रदान कर रही है।
बैठक में कंपनी की ओर से बताया गया कि टपूकड़ा संयंत्र में निर्मित ईवी मॉडल न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किए जाएंगे। होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रेसिडेंट एवं सीईओ ताकाशी नाकाजिमा ने कहा कि राजस्थान में कंपनी का संयंत्र एक महत्वपूर्ण उत्पादन केंद्र है और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में यह कदम भविष्य के लिए अहम साबित होगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित जापान से आए होण्डा प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।