



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल से प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत की। राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और आमजन से स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को पीपीई किट वितरित की तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद रामनिवास बाग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है और जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं सुंदर राजस्थान का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत 14 मार्च से 19 मार्च तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।