



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और वे जनता तथा सरकार के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को पत्रकारों पर विश्वास होता है और पत्रकार जनहित के मुद्दों को सामने लाकर समाज को जागरूक करते हैं। जब मीडिया निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करता है तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पत्रकारों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करते हैं और जनहित से जुड़ी खबरों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। सूचना के इस युग में पत्रकारों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि वे समाज को सही और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP), गंगनहर और माही परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है और वर्ष 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य 4 लाख युवाओं को सरकारी क्षेत्र में और 6 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। अब तक 1 लाख 25 हजार युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख से अधिक पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनके सुझावों को सुना। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल पत्रकारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।
पत्रकारों ने राज्य बजट में राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत दी जाने वाली सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने और राजस्थान आवासन मंडल के माध्यम से जयपुर में पत्रकारों के लिए आवासीय योजना लाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर के विभिन्न पत्रकार संगठन, प्रेस क्लब के पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।