



जयपुर। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत और घरेलू रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संजय सर्किल पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताते हुए गैस की कीमतें कम करने और कॉमर्शियल सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में पूर्व मंत्री, विधायकगण और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि एक ओर संसद में केंद्र सरकार यह कह रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसियों ने बुकिंग बंद कर दी है, जिससे स्पष्ट होता है कि स्थिति गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण जयपुर के सैकड़ों छोटे रेस्टोरेंट, ढाबे और हलवाई की दुकानें प्रभावित हो रही हैं। इससे इन प्रतिष्ठानों में काम करने वाले हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर महंगा होने से आम परिवारों का बजट प्रभावित हुआ है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर की किल्लत से छोटे व्यापारियों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर की शव यात्राएं भी निकाली गईं। वहीं महिलाओं ने चूल्हे पर खाना बनाकर विरोध दर्ज कराया और आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से देश को फिर से लकड़ी और कंडे के युग की ओर धकेला जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। जयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गैस की कीमतें तुरंत कम नहीं की गईं तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को बूथ स्तर तक ले जाकर “जेल भरो आंदोलन” करेगी।
इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधानसभा में मुख्य सचेतक रफीक खान, अमीन कागज़ी, पूर्व जिला अध्यक्ष आर.आर. तिवाड़ी, पूर्व विधायक गंगा देवी, समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व चेयरमैन अर्चना शर्मा, पूर्व प्रत्याशी विक्रम सिंह सहित विभिन्न ब्लॉक, मंडल और नगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।