



जयपुर। जयपुर शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। शुक्रवार को आयोजित जेडीए की प्रोजेक्ट वर्क्स कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की बैठक में द्रव्यवती नदी के किनारे प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने सहित कई विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं पर जेडीए करोड़ों रुपये खर्च करेगा।
बैठक की अध्यक्षता जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने की। बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए द्रव्यवती नदी के साथ प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैफिक कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने के लिए 6 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना के लागू होने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने की उम्मीद जताई गई है।
इसके अलावा द्रव्यवती नदी पर चार स्थानों पर बॉक्स कल्वर्ट निर्माण के लिए 16.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही आसान होगी। वहीं जोन-9 के हरे कृष्ण मार्ग (महल रोड) पर एट-ग्रेड यू-टर्न सुविधा के निर्माण कार्य को 12.12 करोड़ रुपये की कार्योत्तर स्वीकृति दी गई।
जोन-6 की लोहा मंडी योजना के शेष क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 6.09 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दी गई है। वहीं खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से द्रव्यवती नदी के किनारे आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण और विकास के लिए 7.90 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके साथ ही जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद को प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम के लिए आवंटित भूमि की प्लानिंग को भी मंजूरी दी गई। बैठक में टोंक रोड स्थित शिवदासपुरा, चंदलाई और बरखेड़ा क्षेत्र में प्रारंभिक लैंड पूलिंग स्कीम प्रस्तुत करने की अनुमति भी दी गई, जिससे इन क्षेत्रों का योजनाबद्ध विकास संभव हो सकेगा।
इसके अलावा नगर निगम हेरिटेज की अमृत 2.0 योजना के तहत सीवरेज पंपिंग स्टेशन के लिए भूमि आवंटन, जेडीए और रीको के बीच 4.57 हेक्टेयर भूमि ट्रांसफर की प्लानिंग तथा जेडीए की सेंट्रल स्पाइन योजना के ब्लॉक-2 की री-प्लानिंग को भी स्वीकृति दी गई।
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि इन परियोजनाओं के लागू होने से शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और जयपुर के सुनियोजित विकास को गति मिलेगी। बैठक में जेडीए सचिव निशांत जैन, आयोजना निदेशक मृणाल जोशी और निदेशक अभियांत्रिकी प्रथम देवेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।