



दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गैस सिलेंडर की कमी संबंधी बयान पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तीखा पलटवार किया है। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में कहीं भी गैस सिलेंडर की कमी नहीं है और कांग्रेस जानबूझकर एक षड्यंत्र के तहत कमी का माहौल बनाकर सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार गैस की कमी की बात कहकर जनता को भड़काने का काम कर रहे हैं। इससे लोगों के मन में भय पैदा हो सकता है और वे जरूरत से ज्यादा सिलेंडर स्टॉक करने लगेंगे। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में बड़े नेता बनने और अपने आकाओं की नजरों में जगह बनाने की होड़ लगी हुई है, इसलिए कुछ नेता सरकार के खिलाफ बिना आधार के बयान दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संकट के समय किसी वस्तु का स्टॉक करना मानवीय स्वभाव होता है। यदि बार-बार किसी चीज की कमी की बात कही जाए तो लोग स्वाभाविक रूप से उसे जमा करने लगते हैं, और कांग्रेस इसी मानसिकता को भड़काने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव के कारण तेल और गैस संकट की आशंका जरूर है, लेकिन ऐसे समय में विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। इसके बजाय कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। राठौड़ ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति कालाबाजारी या मुनाफाखोरी के लिए गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।