Thursday, 12 March 2026

राजस्थान में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं: सुमित गोदारा


राजस्थान में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं: सुमित गोदारा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान में एलपीजी संकट की चर्चाओं के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घरेलू कुकिंग गैस (एलपीजी) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। 

गुरुवार को जारी बयान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण पैदा हुई आशंकाओं के बीच सरकार पूरी तरह सतर्क है और घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या अन्य स्रोतों में डायवर्जन को रोकने के लिए सभी जिलों में विजिलेंस दल सक्रिय कर दिए गए हैं। जिलों में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और विभागीय अधिकारी नियमित रूप से जांच कर रहे हैं। जिलों में गठित समितियों की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध भंडारण जैसी गतिविधियों पर प्रशासन ने पूरी तरह नियंत्रण कर लिया है। 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि शहरी उपभोक्ता पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। गैस बुकिंग मोबाइल ऐप, वेबसाइट, व्हाट्सएप या IVRS के माध्यम से ही कराई जाए और एजेंसी पर जाकर बुकिंग कराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को घर पर सिलेंडर की डिलीवरी कर दी जाएगी। सभी डिलीवरी ओटीपी प्रणाली के माध्यम से की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि गैस सिलेंडर वास्तविक उपभोक्ता तक ही पहुंचे। वर्तमान व्यवस्था के तहत गैस एजेंसियों पर पॉइंट डिलीवरी को बंद कर दिया गया है। साथ ही 9 मार्च को जारी एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है और कमर्शियल गैस केवल शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों को ही उपलब्ध कराई जा रही है। 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि गैस आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो वे हेल्पलाइन नंबर 112, 14435 और 181 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिस पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा।

Previous
Next

Related Posts