Thursday, 12 March 2026

जयपुर में स्टार्टअप का ठोस रॉकेट मोटर परीक्षण, एआईसी–जेकेएलयू से जुड़े बीएएएस टेक्नोलॉजीज़ ने किया सफल स्टैटिक फायर टेस्ट


जयपुर में स्टार्टअप का ठोस रॉकेट मोटर परीक्षण, एआईसी–जेकेएलयू से जुड़े बीएएएस टेक्नोलॉजीज़ ने किया सफल स्टैटिक फायर टेस्ट

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। अटल इनक्यूबेशन सेंटर–जेके लक्ष्मीपत विश्वविद्यालय (एआईसी–जेकेएलयू) से जुड़े एयरोस्पेस स्टार्टअप बीएएएस टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड ने जयपुर स्थित जेके लक्ष्मीपत विश्वविद्यालय के सुरक्षित परीक्षण स्थल पर अपने ठोस रॉकेट मोटर का सफल स्थैतिक अग्नि परीक्षण किया। यह परीक्षण कंपनी की स्वदेशी प्रोपल्शन तकनीक के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 

परीक्षण के दौरान एक मजबूत परीक्षण स्टैंड और कैलिब्रेटेड लोड सेल्स की मदद से उत्पन्न थ्रस्ट और दहन कक्ष के दबाव को वास्तविक परिस्थितियों में मापा गया और लगातार निगरानी की गई। परीक्षण का उद्देश्य मोटर केसिंग की मजबूती को परिचालन दबाव पर परखना, थ्रस्ट से जुड़े प्रदर्शन डेटा को रिकॉर्ड करना और कंपनी की विकसित की गई वायरलेस इग्निशन प्रणाली की विश्वसनीयता का परीक्षण करना था। परीक्षण के दौरान वायरलेस इग्निशन प्रणाली को लगभग 500 मीटर की सुरक्षित दूरी से सक्रिय किया गया, जो सफलतापूर्वक संचालित हुई। 

हालांकि परीक्षण के दौरान नोज़ल में अवरोध (क्लॉगिंग) के कारण दहन कक्ष का दबाव बढ़ गया और लगभग 36 किलो न्यूटन का अधिकतम बल उत्पन्न हुआ, जिससे मोटर केसिंग की संरचना पर असर पड़ा और कार्बन फाइबर परतों में डेलैमिनेशन की स्थिति उत्पन्न हो गई। बावजूद इसके, परीक्षण से टीम को महत्वपूर्ण तकनीकी डेटा और इंजीनियरिंग संबंधी जानकारी प्राप्त हुई है, जिसका विश्लेषण कर मोटर की संरचना और नोज़ल डिजाइन में सुधार किया जाएगा। कंपनी के संस्थापक तनमय कानमहाले ने कहा कि हर परीक्षण नई सीख देता है और यह परीक्षण मोटर डिजाइन के अगले संस्करण के लिए अहम जानकारी प्रदान करता है। 

एआईसी–जेकेएलयू की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि कच्छावा ने कहा कि यह परीक्षण भारत में स्वदेशी एयरोस्पेस नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी ने प्रारंभिक विफलता विश्लेषण पूरा कर लिया है और डिजाइन में सुधार शुरू कर दिया है। सुधारे गए डिजाइन के साथ अगले तीन से चार महीनों में रॉकेट मोटर का अगला स्थैतिक अग्नि परीक्षण किए जाने की योजना है।

Previous
Next

Related Posts