Wednesday, 11 March 2026

एलपीजी सप्लाई पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बैठक, घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति सामान्य,कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश


एलपीजी सप्लाई पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बैठक, घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति सामान्य,कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। प्रदेश में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक की। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा गैस कंपनियों के प्रमुख मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और आम उपभोक्ताओं के लिए सप्लाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी रखी जाए और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने विभाग और तीनों तेल कंपनियों को निर्देश दिए कि गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स को स्पष्ट हिदायत दी जाए कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या कृत्रिम किल्लत पैदा न होने दें। साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू रूप से पहुंचे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गैस के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए तथा आम जनता को आपूर्ति से संबंधित जानकारी समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एलपीजी वितरण से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि प्रदेश में गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Previous
Next

Related Posts