Wednesday, 11 March 2026

जोधपुर में जसवंत सिंह के परिवार में विवाद, मां शीतल कंवर ने मानवेन्द्र सिंह को घर में प्रवेश से रोका


जोधपुर में जसवंत सिंह के परिवार में विवाद, मां शीतल कंवर ने मानवेन्द्र सिंह को घर में प्रवेश से रोका

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोधपुर। पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के परिवार में घरेलू विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक मतभेद के चलते उनकी पत्नी शीतल कंवर ने अपने बेटे और पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह को घर में प्रवेश करने से रोक दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में शीतल कंवर मानवेन्द्र सिंह से कहते हुए दिखाई दे रही हैं कि वे घर में प्रवेश न करें और कहीं और चले जाएं। इस घटना के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

सूत्रों के अनुसार यह विवाद मानवेन्द्र सिंह की दूसरी शादी को लेकर पैदा हुआ है। चर्चा है कि उन्होंने दूसरी जाति की एक महिला से विवाह किया है, जिससे परिवार के कुछ सदस्य नाराज बताए जा रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर मानवेन्द्र सिंह या जसवंत सिंह के परिवार के किसी भी सदस्य की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मानवेन्द्र सिंह के बेटे हमीर सिंह की कुछ समय पहले शादी धूमधाम से हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियां शामिल हुई थीं। इसी शादी और उसके बाद हुए रिसेप्शन के बाद से परिवार में मतभेद की चर्चाएं तेज हो गईं।

सूत्रों के अनुसार मानवेन्द्र सिंह 3 मार्च को अपनी पत्नी को लेकर घर पहुंचे थे, लेकिन परिवार ने उन्हें घर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी। इसके बाद से मां-बेटे के बीच नाराजगी बनी हुई है। वायरल वीडियो में मानवेन्द्र सिंह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ घर के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि शीतल कंवर घर के अंदर से उन्हें रोकती नजर आ रही हैं। इस घटनाक्रम के बाद यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Previous
Next

Related Posts