Wednesday, 11 March 2026

घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी, कमर्शियल सिलेंडरों पर अस्थायी रोक : सुमित गोदारा


घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी, कमर्शियल सिलेंडरों पर अस्थायी रोक : सुमित गोदारा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान की 16 वीं विधानसभा के पंचम सत्र के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि राज्य में घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति बाधाओं और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है। पिछले एक महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 34 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका असर गैस आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ रहा है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोदारा ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि आम घरेलू उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तेल कंपनियों और रिफाइनरियों को निर्देश जारी किए हैं कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उत्पादन बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार स्थिति सामान्य होने तक कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना न करना पड़े।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोदारा ने बताया कि भारत अपनी गैस का बड़ा हिस्सा कतर सहित अन्य देशों से आयात करता है। वर्तमान में होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण वैश्विक स्तर पर आपूर्ति बाधित हुई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय ने रिफाइनरियों को गैस उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति की स्थिति सामान्य हो सके।

Previous
Next

Related Posts