Tuesday, 10 March 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा विधायक दल की बैठक ली, विधायकों को दी सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने की सलाह


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा विधायक दल की बैठक ली, विधायकों को दी सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने की सलाह

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर की हाँ पक्ष लॉबी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित किया। बैठक में मुख्यमंत्री ने सदन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विधायकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विधायकों को अपने आचरण और कार्यप्रणाली के प्रति सजग रहना चाहिए, क्योंकि उनकी कार्यशैली पर “तीसरी आँख” भी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधायकों द्वारा उठाए गए अधिकांश मुद्दों और मांगों को पूरा करने का प्रयास किया है, इसलिए अब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं और कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने मंत्रियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में प्रदेश की सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता के बीच काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री और जनप्रतिनिधि क्षेत्र में जाकर कम से कम आठ से दस घंटे तक लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में सबसे सुखद बात यह है कि प्रदेश में सरकार के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी का माहौल नहीं है, जो सरकार की जनहितकारी नीतियों का परिणाम है।

बैठक में मुख्यमंत्री शर्मा ने आगामी राजस्थान दिवस समारोह को लेकर भी विधायकों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान दिवस की शुरुआत स्वच्छता अभियान और विकसित रन से होगी। इसके अलावा विभिन्न जिलों में विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताएं, एक जिला एक उत्पाद प्रदर्शनी, जनजाति कला प्रदर्शनी, युवा शक्ति मेला, उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम और किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मंदिरों में विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। राजधानी जयपुर में राजस्थान दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या और आतिशबाजी का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और भाजपा विधायक उपस्थित रहे।


Previous
Next

Related Posts