



जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर तैयार की गई पुस्तक “संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष: नवाचारों के दो वर्ष” का विमोचन मंगलवार को जयपुर स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित समारोह में किया जाएगा। इस पुस्तक का विमोचन राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हाथों होगा। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, संसदीय विशेषज्ञ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
राजस्थान विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए नवाचारों, सुधारों और संसदीय परंपराओं को सुदृढ़ करने के प्रयासों का विस्तृत विवरण दिया गया है। पुस्तक में यह बताया गया है कि किस प्रकार विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने के लिए नई पहलें की गईं।
देवनानी ने कहा कि यह पुस्तक राजस्थान विधानसभा की कार्यसंस्कृति में आए सकारात्मक बदलावों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदमों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। कार्यक्रम के दौरान उनकी कृति “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” पर भी चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक शोधार्थियों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और संसदीय कार्यप्रणाली में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी। इस अवसर पर लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय संस्कृति और विधानमंडल की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।