



जयपुर। राजस्थान में रबी सीजन 2026 के तहत सरसों और चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद जल्द शुरू होने जा रही है। सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि भारत सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद राजफेड के माध्यम से किसानों से सरसों और चने की खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सहकारिता राज्य मंत्री दक के अनुसार राजफेड के कोटा, अजमेर, भरतपुर और श्रीगंगानगर क्षेत्रीय कार्यालयों में ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू होगी और खरीद 25 मार्च से प्रारंभ की जाएगी। वहीं जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर क्षेत्रीय कार्यालयों में ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च से शुरू होगा और खरीद 1 अप्रैल से प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल और चना का 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राजस्थान में इस सीजन के लिए सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन और चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा तय की गई है।
सहकारिता राज्य मंत्री दक ने कहा कि जिलावार खरीद सीमा की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करवा दी गई है। अजमेर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में एनसीसीएफ द्वारा खरीद की जाएगी, जबकि जयपुर, उदयपुर, श्रीगंगानगर और भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 22 जिलों में नेफेड के माध्यम से खरीद कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसान सरसों और चना बेचने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करके या ई-मित्र केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। खरीद प्रक्रिया किसानों की आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान के जरिए पूरी की जाएगी।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफेड और एनसीसीएफ के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिनों की अवधि में पूरी की जाएगी। मंत्री दक ने राजफेड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।