



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का सुनियोजित विकास कर आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘विकसित राजस्थान @2047’ के विजन के अनुरूप प्रदेश में योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर शहरी नगर निकाय और जिला स्तर तक मास्टर प्लान तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर जाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सर्वे किया जाए। इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क, सीवरेज, शुद्ध पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना राज्य सरकार की अवसंरचना विकास से जुड़ी योजनाओं और नीतियों का प्रमुख लक्ष्य है।
बैठक में नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।