Monday, 09 March 2026

पुलिस मुख्यालय में महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और सुरक्षा सखियों का सम्मान


पुलिस मुख्यालय में महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और सुरक्षा सखियों का सम्मान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस मुख्यालय में राजस्थान की उत्कृष्ट महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्याओं और सुरक्षा सखियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यभर से आई महिला कर्मियों और स्वयंसेवी सहयोगियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर विजया रहाटकर ने कहा कि सम्मानित की गई सुरक्षा सखियां समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं, जिनमें गृहिणियां, कॉलेज प्रोफेसर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका सदस्य और शिक्षक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर समाज में महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा दे रही हैं तथा अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

रहाटकर ने सम्मानित महिलाओं को ‘रियल लाइफ हीरो’ और ‘वंडर वुमन’ बताते हुए कहा कि ये महिलाएं राजस्थान की वीरता और शौर्य की परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि डीजीपी राजस्थान के विजन के अनुरूप महिलाओं के सराहनीय कार्यों को पहचान देने के लिए यह पहल की गई है, जिससे अन्य बेटियां और महिलाएं भी प्रेरित हों।

कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जब महिलाएं सुरक्षित होंगी तभी समाज की प्रगति की मजबूत नींव रखी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि राजकॉप सिटीजन ऐप, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, एंटी रोमियो स्क्वाड जैसे अभियानों के माध्यम से प्रदेश में महिला सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले तीन वर्षों में महिला अपराधों में कमी आई है और अनुसंधान की प्रक्रिया में भी सुधार हुआ है।

इस अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस लता मनोज कुमार ने महिला सुरक्षा से जुड़े पुलिस अभियानों की जानकारी देते हुए ‘राजकॉप सिटीजन ऐप’ के उपयोग और महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीणा ने किया, जबकि अंत में डीआईजी श्वेता धनखड़ ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

उत्कृष्ट महिला पुलिस कांस्टेबल: इस श्रेणी में राज्य के विभिन्न जिलों से चुनी गई उन महिला कांस्टेबलों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने कर्तव्य पथ पर विशेष समर्पण दिखाया। सम्मानित होने वालों में चित्तौड़गढ़ से आरती कुमावत (911), जैसलमेर से श्रीमती खेतू (2036), ब्यावर से सुश्री सरिता (2288), भरतपुर से श्रीमती रीना आर्य (1666), और जयपुर दक्षिण से श्रीमती प्रियंका (9824) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त खैरथल-तिजारा से श्रीमती पुष्पा (267), कोटा शहर से श्रीमती सोनिया (हैडकानि. 35), बीकानेर से श्रीमती संजू (1940) तथा जोधपुर पश्चिम से श्रीमति किरण (2055) को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नवाजा गया है।

सुरक्षा सखी: समाज और पुलिस के बीच सेतु का कार्य करने वाली विभिन्न रेंजों की सुरक्षा सखियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें उदयपुर रेंज के चित्तौड़गढ़ जिले से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली शिल्पा जैन, अजमेर रेंज (ब्यावर) से ममता गुप्ता, और बीकानेर रेंज (हनुमानगढ़) से मूर्ति वर्मा शामिल हैं। साथ ही भरतपुर से रीना देवी, जयपुर रेंज (अलवर) से लक्ष्मी चौहान, जयपुर आयुक्तालय (दक्षिण) से रेणु राठौड़, जोधपुर रेंज (बाड़मेर) से शोभा गौड़, जोधपुर आयुक्तालय (पूर्व) से बिन्दू टांक और कोटा रेंज (बारां) से श्रीमति सुरभि खंडेलवाल को भी इस विशेष सम्मान से सम्मानित किया।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट: क्षेत्रीय सुरक्षा और गश्त में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कालिका यूनिट की सदस्यों को भी पहचान दी गई। इसमें श्रीगंगानगर से श्रीमति संतोष व सुश्री प्रियंका, जोधपुर पश्चिम से सुश्री माया व सुश्री अनिता, और जयपुर उत्तर से श्रीमति शर्मिला व श्रीमती संगीता को सम्मानित किया गया। अलवर जिले से श्रीमति कविता व श्रीमती मकोल, भीलवाड़ा से श्रीमति सुशीला व श्रीमती सुमन, भरतपुर से श्रीमती अर्चना व श्रीमती जयश्री, जालोर से श्रीमती इन्द्रा व श्रीमती राजल, कोटा ग्रामीण से श्रीमती लीला व श्रीमती सुनिता तथा चित्तौड़गढ़ से श्रीमती श्यामा (सउनि) व श्रीमती बीना को उनके साहसिक कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया ।


Previous
Next

Related Posts