



जयपुर। राजस्थान विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल और शून्यकाल के दौरान कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस शासनकाल में खोले गए अंग्रेजी मीडियम और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों में खाली पदों के मुद्दे पर सदन में हंगामे जैसे हालात बन गए।
भाजपा विधायक बालकनाथ के सवाल पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 3737 सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी मीडियम में बदल दिया, लेकिन एक भी पद सृजित नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में बच्चों की संख्या बेहद कम है, फिर भी स्कूल खोल दिए गए। इस दौरान उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा पर तंज कसते हुए कहा कि “भांग खाकर स्कूल खोल दिए।”
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कम छात्रों वाले स्कूलों को बंद करना बच्चों के शिक्षा अधिकार के खिलाफ होगा। इस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जवाब दिया कि डोटासरा के समय में कई स्कूल बिना शिक्षक पद सृजित किए खोल दिए गए थे और अब वर्तमान सरकार उन पदों को सृजित कर रही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि स्कूल केंद्र सरकार की योजना के तहत खोले गए थे और सरकार को स्पष्ट बताना चाहिए कि विवेकानंद मॉडल स्कूलों का कैडर बनाया जाएगा या नहीं।
140 स्थायी और 700 टेंपरेरी कोच भर्ती होंगे
इसी बीच खेल विभाग से जुड़े प्रश्न पर खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में खेल प्रशिक्षण को मजबूत करने के लिए 140 स्थायी और 700 अस्थायी कोचों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि 2012 के बाद पहली बार खेल विभाग में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है और स्थायी कोचों के पदों के लिए वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है।
ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने माना मनरेगा में समय पर भुगतान नहीं होता
विधानसभा में ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने माना है कि मनरेगा में समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होता। अलग-अलग कारणों से मजदूरी के भुगतान में देरी होती है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूरक सवाल के जरिए मंत्री से पूछा था कि मनरेगा मजदूरों को 15 दिन में मजदूरी का भुगतान करना होता है, लेकिन देरी हो रही है।
डॉ. किरोड़ी ने कहा कि केंद्रीय अंशदान नहीं मिलने के कारण मजदूरी भुगतान में देरी हुई है। केंद्र सरकार से अंशदान लेने के लिए चिट्ठी लिखी गई है। मैं खुद व्यक्तिगत रूप से भी मिलूंगा। जरूरी दस्तावेज की पूर्ति नहीं होने के कारण केंद्रीय अंशदान में देरी होती है। मैटेरियल सप्लाई के टेंडर समय पर नहीं होते। इन सबके कारण भुगतान लेट हो जाते हैं। जैसे ही केंद्रीय अंशदान का पैसा मिलेगा, बकाया मजदूरी का भुगतान कर दिया जाएगा।
विधानसभा में टीम इंडिया की जीत की गूंज, जूली बोले- मोदी नहीं गए, क्रिकेट टीम जीत गई, दी बधाई
विधानसभा में टीम इंडिया की टी-20 वर्ल्ड कप जीत की गूंज रही। मंत्रियों और नेता प्रतिपक्ष के बीच वार पलटवार का दौर भी चला। शून्यकाल के दौरान ससंदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने टीम इंडिया की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि हमारी टीम ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। हम सबको गर्व है। हर नागरिक को गर्व है। इस पर कांग्रेस विधायक भी बोलने लगे।
सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा- हमने वर्ल्ड कप ही नहीं जीता बल्कि हमारी टीम ने तीन रिकॉर्ड बनाए हैं। किसी आईसीसी वर्ल्ड कप को तीन बार जीतना बड़ी बात है। उस स्टेडियम का नाम नरेंद्र मोदी स्टेडियम है। उसका नाम टीकाराम जूली स्टेडियम तो रख नहीं सकते थे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- स्टेडियम का नाम सरदार पटेल स्टेडियम था। आपने तो उसका नाम बदलने का काम किया है। टीम इंडिया की जीत की सब बधाई देते हैं। पिछली बार आपने हरवा दिया था। मोदीजी जब-जब मैच देखने गए, टीम हार गई थी। कल मोदी नहीं गए, इसलिए टीम जीत गई।