Monday, 09 March 2026

भारत बना टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार जीता खिताब


भारत बना टी20 विश्व कप 2026 का चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार जीता खिताब

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अहमदाबाद। भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया और बतौर मेजबान ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की विस्फोटक पारियों ने मजबूत शुरुआत दी। सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन और ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तूफानी पारी खेली। तीनों की आक्रामक बल्लेबाजी से भारत ने 15 ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि बीच के ओवरों में जिमी नीशम ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर भारत को झटका दिया। इसके बावजूद अंतिम ओवर में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम का स्कोर 255 तक पहुंचा दिया।

256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। फिन ऐलन (9), रचिन रवींद्र (1), ग्लेन फिलिप्स (5) और मार्क चैपमैन (3) जल्दी आउट हो गए। 72 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद कीवी टीम मुकाबले से लगभग बाहर हो गई थी। कप्तान मिचेल सेंटनर और डेरिल मिचेल ने थोड़ी देर संघर्ष किया, लेकिन टीम 159 रन तक ही पहुंच सकी।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इस जीत के साथ टी20 विश्व कप की ट्रॉफी तीसरी बार जीती और अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया।

    Previous
    Next

    Related Posts