



जयपुर। राजस्थान में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू की शनिवार को जयपुर में हुई उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश के चार प्रमुख शहरों—डीग-कुम्हेर, सिरोही, सीकर और भिवाड़ी में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को नई गति देना है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन क्षेत्रों को हवाई मानचित्र से जोड़ने से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी। सीकर में एयरपोर्ट बनने से खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं सिरोही जिले में एयरपोर्ट बनने से प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू तक पर्यटकों की पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन उद्योग को बड़ा बढ़ावा मिलने की संभावना है।
इसी तरह डीग-कुम्हेर क्षेत्र को एयर कनेक्टिविटी मिलने से ब्रज क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सकती है। जबकि भिवाड़ी, जो दिल्ली-एनसीआर के निकट एक प्रमुख औद्योगिक हब है, वहां एयरपोर्ट बनने से व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक निवेश को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ना है। इसके लिए क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस-उड़ान) के माध्यम से छोटे शहरों और महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को एयर कनेक्टिविटी प्रदान करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश के संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा।